डा. प्रदीप दूबे @ सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के शेखाही उसरिया गांव निवासी एक युवक की ट्रैक्टर खरीदकर घर लौटते समय सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार गांव निवासी 38 वर्षीय नंद किशोर यादव पुत्र राम मिलन शुक्रवार को अपने भाइयों मुलायम, अनुराग तथा एक अन्य साथी के साथ थार गाड़ी से रामनवमी के अवसर पर ट्रैक्टर खरीदने अयोध्या गये थे।
ट्रैक्टर खरीदने के बाद लौटते समय भाई थार से आगे निकल गये जबकि नंद किशोर ट्रैक्टर के साथ पीछे आ रहे थे। ट्रैक्टर को उनके साथ गया एक युवक चला रहा था। बताया जाता है कि देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर दोस्तपुर क्षेत्र में ओवरटेक के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे नंद किशोर नीचे गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये। चालक को मामूली चोटें आईं।घटना की सूचना मिलते ही आगे जा रहे भाई मौके पर पहुंचे और घायलों को लेकर शाहगंज उपचार के लिए रवाना हुये लेकिन रास्ते में ही नंद किशोर ने दम तोड़ दिया। शनिवार भोर में शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी निशा पति का शव देखकर बेसुध हो गईं जबकि मां निर्मला की आंखें नम हो गईं। मृतक की बेटियां अन्या (12), श्रेया (10) और पुत्र दक्ष (5) पिता को देख बिलख पड़े। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शनिवार को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Tags
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
recent
today jaunpur news