Jaunpur : ​समरस फाउण्डेशन ने वरिष्ठ समाजसेवी ज्ञान प्रकाश जी को 'जौनपुर गौरव सम्मान' से नवाजा

जौनपुर। समरस फाउंडेशन मुम्बई के बैनर तले कैलाशपति गोधना में रविवार को जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी और भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह को उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए जौनपुर गौरव सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज मिश्रा ने कहा कि महामना व्यक्तित्व के धनी, अपरिमित विभूति होने के बाद भी जिनके नस-नस में सहजता की सीख मिलती है। ऐसे समाजसेवी और समाज के युग पुरुष ज्ञान प्रकाश सिंह को सम्मानित करने से ऐसा लग रहा है कि जैसे सम्मान स्वयं सम्मानित हो रहा है। श्री सिंह एक अच्छे रचनाकार भी हैं। जिस व्यक्ति में व्यथा है, दर्द है, वहीं व्यक्ति समाज के लिए कुछ कर सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुम्बई के वरिष्ठ समाजसेवी राधेश्याम तिवारी ने कहा कि मुंबई से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में ज्ञान प्रकाश जी ने जो कार्य किए हैं, उसकी गिनती नहीं की जा सकती है। मुंबई में भी कई क्षेत्रों में उन्होंने नि:स्वार्थ भाव से काम किया है। जब वह वहां नहीं होते तो हम सब उन्हें मिस करते हैं। यह चर्चा करते हैं कि देखिए उत्तर प्रदेश में ज्ञान प्रकाश सिंह कितना अच्छा कार्य कर रहे हैं। अखबार की सुर्खियों में वह अपने नेक कार्यों के लिए बने रहते हैं।
आयोजक/समरस फाउंडेशन के महासचिव शिवपूजन पाण्डेय ने कहा कि यह सम्मान लगभग एक वर्ष से सत्कार मूर्ति की प्रतीक्षा कर रहा था। आज एकादशी पर फाउंडेशन अपने सत्कारमूर्ति ज्ञान प्रकाश जी को जौनपुर गौरव सम्मान से सम्मानित कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सम्मान पत्र में अंकित एक-एक शब्द का वाचन किया और यह भी कहा कि आपके तमाम प्रेरणादायक कार्यों को किसी सम्मान पत्र में अंकित नहीं किया जा सकता है। आप जो कार्य कर रहे हैं, उसके लिए तो डायरी के पन्ने भी कम पड़ जाएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे, डॉ मंगलेश्वर त्रिपाठी, डॉ. मधुकर तिवारी, पत्रकार रामदयाल द्विवेदी, पत्रकार देवी सिंह, पत्रकार चंद्रकांत दुबे, पत्रकार अंकित जायसवाल, शिवा सिंह, अजय शुक्ला, विवेक मिश्रा, विनीत तिवारी सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार प्रमोद पांडेय ने किया।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534