Jaunpur : ​जल जीवन मिशन में बनी पानी की टंकी अधूरी, ग्रामीणों में आक्रोश

इम्तियाज अहमद @ मानी कलां, जौनपुर। विकास खण्ड शाहगंज सोंधी क्षेत्र के कस्बा मानीकलां सहित आस—पास के कई गांवों में हर घर जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य अभी तक अधूरा पड़ा हुआ है। कस्बा मानी कलां, ग्राम मवाई, सनदहा और ग्राम बरंगी में काफी समय पहले पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया गया था लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है लेकिन इन गांवों में टंकी अधूरी होने के कारण लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अधूरे निर्माण के चलते ग्रामीणों को आज भी पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

6 मार्च 2026 को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हर घर जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा पाया गया जिससे योजना की जमीनी हकीकत सामने आई। इस संबंध में जब ठेकेदार से बात की गई और पूछा गया कि कार्य अधूरा क्यों पड़ा है तो उन्होंने बताया कि समय पर भुगतान न होने के कारण काम में देरी हुई है। पहले इस कार्य का ठेका राजस्थान के एक ठेकेदार को दिया गया था लेकिन समय पर कार्य पूरा न करने के कारण उसे हटा दिया गया। वह कई स्थानों पर काम अधूरा छोड़कर चला गया था। फिलहाल हर घर जल जीवन मिशन के तहत होने वाले कार्यों का ठेका एक प्राइवेट कंपनी को दिया गया है। कंपनी का कहना है कि पूर्व ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़े गए कार्यों और अन्य कारणों से निर्माण प्रभावित हुआ जिसे जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि मामले का संज्ञान लेकर अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534