Jaunpur : ​जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

जौनपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) द्वारा शिक्षक शिक्षा योजना के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बयालसी स्नातकोत्तर महाविद्यालय जलालपुर के समाज शास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार ने विषय विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025–26 के परिप्रेक्ष्य में "विभिन्न विषयों के शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग" विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वहीं डॉ. कुमार ने "शिक्षा 4.0: 2025 में AI के साथ शिक्षण का भविष्य" विषय पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि एआई तकनीक का सुनियोजित उपयोग शिक्षकों के प्रशासनिक कार्यभार, जैसे लेसन प्लान तैयार करना, मूल्यांकन रूब्रिक बनाना तथा आधिकारिक पत्राचार, को काफी हद तक कम कर सकता है। इससे शिक्षकों के प्रति सप्ताह लगभग 7 से 10 घंटे तक की बचत संभव है जिसे वे छात्रों के साथ गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संवाद में निवेश कर सकते हैं।
डॉ. कुमार ने व्यक्तिगत शिक्षा (Personalized Education) की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि एआई प्रत्येक छात्र की सीखने की गति और आवश्यकता के अनुसार शिक्षण को अनुकूलित कर सकता है जो पारंपरिक प्रणाली में चुनौतीपूर्ण रहा है। हालांकि उन्होंने शिक्षकों को सावधान करते हुए कहा कि एआई का उपयोग सहयोगी उपकरण के रूप में किया जाना चाहिए, न कि उस पर पूर्ण निर्भरता विकसित की जाए, ताकि छात्रों में आलोचनात्मक सोच और रचनात्मकता बनी रहे।
वहीं उप शिक्षा निदेशक डायट ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने डॉ. अनिल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को समयानुकूल दक्षता प्रदान करते हैं और शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देते हैं। प्राचार्य ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि एआई आधारित शिक्षण पद्धतियां भविष्य में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं छात्र-केंद्रित बनाएंगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डाइट के ऑडिटोरियम हॉल में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किया गया जिसमें डॉ. कुमार के साथ अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किये। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534