जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानमंडल, संयुक्त समिति सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम द्वारा विभिन्न विभागों एवं जनपद की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में समिति की सभापति मनीषा अनुरागी तथा सदस्यगण गौरीशंकर वर्मा, मनीष रावत एवं तूफानी सरोज का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह, इत्र भेंट करके स्वागत किया गया।
बैठक में सभापति ने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निर्माण निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुये निर्देश दिया कि सेतु निर्माण के साथ-साथ एप्रोच मार्गों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। इसके अतिरिक्त समिति द्वारा जनपद में निर्माणाधीन पुलों की क्रमवार विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराते हुए उनका समयबद्ध हैंडओवर सुनिश्चित किया जाय जिससे आमजन को शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके। साथ ही समिति द्वारा निर्देशित किया गया कि कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावासों में शौचालयों की अद्यतन स्थिति की जांच कराई जाए तथा खिड़की एवं दरवाजों की वर्तमान स्थिति का सत्यापन कराते हुए आख्या प्रस्तुत की जाय जिससे छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न कारण पड़े।विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ट्रांसफार्मर क्षमतावृद्धि, मजरों के विद्युतीकरण आदि कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि इन कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार लाते हुए कार्यों में तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यों की भी समीक्षा की गयी जिसमें प्रगति धीमी पाए जाने पर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। समिति ने यह भी निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन स्थलों पर सीसीटीवी के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग की जाय जिससे कार्यस्थल पर श्रमिकों की उपस्थिति, कार्य की प्रगति तथा संबंधित जूनियर इंजीनियर सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के एक्सईएन बिना सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहे जिस पर समिति द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिये गये। जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक के बारे में जानकारी लिया। साथ ही सड़कों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुये निर्देशित किया कि सड़क निर्माण मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण हो। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समय से कर दी जाय जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। सभापति ने निर्देशित किया कि सुनिश्चित किया जाय कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए गए कि कार्य मानक के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने समिति को आश्वस्त कराया कि समिति द्वारा दिए गये निर्देशों तथा सुझावो का शत—प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags
#recent
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live