Jaunpur News : ​​पुण्य की एफडीः निराश्रित गोवंश के लिये जिला प्रशासन की अनूठी पहल

जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में जनपद में निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं उनके भरण-पोषण हेतु चलाये जा रहे विशेष भूसा दान अभियान के अन्तर्गत जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने हेतु जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल की गयी है।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने गोवंश के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुये गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी भूसा दान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने वाले जन, कृषक, जिन्होंने विभिन्न गोशालाओं में भूसा दान देकर निराश्रित गोवंश के संरक्षण और भरण पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, का आभार व्यक्त किया। साथ ही बताया कि शासन की ओर से गोवंश के लिये सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं किंतु जनसहयोग के माध्यम से अतिरिक्त संसाधन प्राप्त होने पर उनके बेहतर पोषण एवं देखभाल में सहायता मिलती है।
इसी क्रम में इस वर्ष भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसमें स्वेच्छा से भूसा दान करने वाले दानदाताओं को “पुण्य की एफडी” के रूप में एक प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है। इस अभिनव पहल की सराहना मुख्य सचिव द्वारा भी की गयी है। उन्होंने दान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में परोपकार की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है। अभियान के अन्तर्गत नागरिकों से अपील की गयी कि वे निराश्रित गोवंश के कल्याणार्थ अधिक से अधिक भूसा दान देकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र प्राप्त करें। साथ ही यह भी आग्रह किया कि आमजन अपने घरों के आस—पास पशु-पक्षियों के लिए जल एवं दाना की व्यवस्था कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दें।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद जौनपुर के कृषि भवन स्थित गौशाला में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट द्वारा 18 क्विंटल भूसा दान किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी को “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। बता दें कि अब तक जनपद में 10000 क्विंटल से भी अधिक भूसा दान के माध्यम से संग्रहित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने पुनः सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुये अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में जुड़ने की अपील किया है।
Uploaded Image
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534