सिकरारा, जौनपुर। क्रिकेट में अपना भविष्य तलाश रहे युवा खिलाड़ियों के लिये खुशखबरी है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान हिटमैन रोहित शर्मा जिले में क्रिकेटर तैयार करेंगे। वे फतेहगंज स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में क्रिकेट अकादमी शुरू करने जा रहे है। उक्त विद्यालय के साथ उनका अनुबंध हो चुका है। दावा किया जा रहा है कि इस अकादमी में आधुनिक और प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग की सुविधा होगी जिससे जिले के क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच और मार्गदर्शन मिलेगा।
शनिवार को विद्यालय परिसर में पत्रकार वार्ता में विद्यालय के निदेशक अरविन्द सिंह ने बताया कि भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा के अकादमी के साथ अनुबंध हो चुका है। उनके सलाहकार भारतीय क्रिकेटर धवल कुरकर्णी खुद अकादमी पर आकर अकादमी के खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण मुहैया करायेंगे। विद्यालय में ही अन्तर्राष्ट्रीय मानक के हिसाब से मैदान बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है जो जून तक पूरा कर लिया जायेगा। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को विशेष मौका मिलेगा। उक्त अकादमी में विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दी जायेगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों से अकादमी जो भी फीस रखेगा, उसको उन्हें देना होगा। हमारा लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के उन प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने का मंच मिले जिनके पास संसाधन कम हैं लेकिन जुनून असीम है। रोहित शर्मा की क्रिकेट एकेडमी के साथ हुये अनुबंध से न केवल पिच का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि ट्रेनिंग भी विश्वस्तरीय होगी।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक करियर है। हम चाहते हैं कि माउंट लिट्रा जी स्कूल से ऐसे खिलाड़ी निकले जो भारत का नाम रोशन करें। रोहित शर्मा के अकादमी में वर्ष में एक बार देश भर के बच्चों को बुलाया जाता है। 15 से 20 दिनों तक चलने वाले उक्त प्रशिक्षण में शामिल खिलाड़ियों को सारी सुविधाएं फ्री में दी जाती हैं। वहां से चयनित बच्चे आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम में भी दस्तक देंगे। यह पहल माउंट लिट्रा जी स्कूल को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक नया आयाम देगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में और भी बड़े कार्यक्रमों की योजना है जिसमें खेल और शिक्षा दोनों को मजबूत किया जायेगा। ग्रामीणांचलों के माता-पिता और छात्रों के लिये यह सुनहरा मौका है।
पत्रकार वार्ता के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल श्वेता मिश्रा ने बताया कि यहां अलग—अलग आयु वर्ग के खिलाडियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा, ताकि उनका समग्र विकास हो सके। इस अकादमी के माध्यम से जिले के क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच और मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही निदेशक विख्यात सिंह ने कहा कि रोहित शर्मा की एकेडमी के साथ साझेदारी से न केवल क्रिकेट पिच का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि ट्रेनिंग, कोचिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। संरक्षक दिनेश सिंह ने कहा कि यह पहल माउंट लिट्रा जी स्कूल को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक नया आयाम देगी। पत्रकार वार्ता के दौरान संरक्षक रमेश सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिकेय सिंह, विकास सिंह भी मौजूद रहे।
003
