Jaunpur News : जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर ससमय गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के दिये निर्देश

मड़ियाहूं, जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में स्थानीय तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुये संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र अग्रसारित करते हुए ससमय गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के निर्देश दिये।

इस मौके पर मंगला सिंह निवासी छीतम सराय रामनगर ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि आधार में उनका नाम मंगला सिंह दर्ज है जबकि खतौनी में उनका नाम मंगला प्रसाद दर्ज है। नाम मिसमैच होने के कारण उनका फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रहा है। प्रकरण संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को खतौनी में नाम संशोधित कराने के निर्देश दिये जिसके क्रम में जिलाधिकारी ने संशोधित खतौनी मंगला सिंह को प्रदान कर दिया।
इसी तरह राजमणि पटेल निवासी अहिरौली शीतलगंज ने बताया कि वह अहिरौली के निवासी है जबकि उनके खतौनी में रिकेरीपुर के रूप में गलत पता दर्ज हो गया है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल खतौनी संशोधन कराने के निर्देश देते हुये उन्हें भी खतौनी उपलब्ध करा दिया।
चंद्र प्रकाश सिंह निवासी गनापुर द्वारा अवैध कब्जे के संबंध में शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी मडियाहूं को स्थलीय निरीक्षण करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
कमलेश दुबे निवासी बारीगांव बरसठी ने बताया कि उनका विद्युत कनेक्शन मडियाहूं फीडर के अंतर्गत कर दिया गया है जबकि यह बरसठी फीडर के अंतर्गत आता है। वे इसको सुधरवाने के लिए परेशान है। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता हाइडल को तत्काल जांच कर समस्या के निस्तारण का निर्देश दिया।
रामलखन निवासी जमुआ सिकरारा ने बताया कि उनका किसान सम्माननिधि विगत 2 वर्ष से नहीं मिल रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को जांच करने के निर्देश दिये।
अखिलेश उपाध्याय निवासी रामपुर के अनुसार उसके घर पर जाने का एकमात्र रास्ता है। रास्ते में कुछ लोगों द्वारा बांस—बल्ली लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है जिसे खुलवाने के लिये उन्होंने अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, राजस्व और पुलिस की टीम को समन्वय करते हुए स्थलीय निरीक्षण के साथ ही जांच करने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने अपने राजकीय आवास पर ऑर्गेनिक तरीके से उगाये गये टमाटर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की शिक्षिकागण को प्रदान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इसका उपयोग विद्यालय के मेस में भोजन पकाने में किया जाय। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 138 शिकायती पत्र प्राप्त हुए जिसमें 12 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मडियाहूं नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण सहित अन्य उपस्थित रहे। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। लोगों की समस्याओं को सुनते हुए ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिये गये।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534