Jaunpur News : दवा लेने को लेकर बवाल, मेडिकल स्टोर पर जमकर हुई मारपीट

बाप-बेटा घायल, बुज़ुर्ग की हालत नाज़ुक होने पर जिला अस्पताल रेफर

खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बरंगी चौराहे पर शुक्रवार को एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। कहासुनी, गाली-गलौज और फिर हाथापाई के बाद मारपीट में बाप-बेटा गम्भीर रूप से घायल हो गये जिनमें एक की हालत नाज़ुक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार बरंगी गाँव निवासी मोहम्मद फैज़ पुत्र गयासुद्दीन चौराहे पर मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। शुक्रवार को दवा लेने आए कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में मामला केवल बहस तक सीमित था लेकिन थोड़ी ही देर में माहौल गरमा गया और तू-तू मैं-मैं मारपीट में बदल गई।

घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मद फैज़ के पिता गयासुद्दीन भी मौके पर पहुँच गये, मगर मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई जिससे पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

मारपीट में मोहम्मद फैज़ (30) पुत्र गयासुद्दीन तथा गयासुद्दीन (58) पुत्र मैनुद्दीन घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुँचाया जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गयासुद्दीन की हालत गम्भीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। वहीं चौराहे पर हुई इस घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534