प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडउर गांव निवासी आज़ाद बिन्द अपने विवाह के लिए बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर जमदहां जा रहे थे। बारात पूरी धूमधाम से आगे बढ़ रही थी परंतु जैसे ही काफिला बादशाही बाजार के पास पहुँचा। पहले से घात लगाए अपाची बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे की कार को ओवरटेक कर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई इस गोलीबारी से बारात में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमलावरों ने विशेष रूप से दूल्हे की कार को निशाना बनाया जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमला पूर्व नियोजित था। फायरिंग के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये।
गंभीर रूप से घायल दूल्हे आज़ाद बिन्द को तत्काल जिला अस्पताल ले गए जहाँ उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद जहां बारात में मातम छा गया, वहीं दुल्हन के घर भी कोहराम मच गया जहां शादी की तैयारियां शोक में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की छानबीन कर रही है।
