Jaunpur News : खेतासराय में दूल्हे की हत्या: प्रेम विवाह बना विवाद का कारण

दो साल पहले सोनी एवं आजाद की शादी में हुई थी मुलाकात

खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब दूल्हे की बारात पहुँचने से पहले ही रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई। यह घटना न केवल स्थानीय लोगों को झकझोरने वाली है, बल्कि प्रेम विवाह को लेकर सामाजिक तनाव और विरोध की गम्भीर तस्वीर भी प्रस्तुत करती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक आज़ाद बिन्द और सोनी की मुलाकात लगभग दो वर्ष पूर्व पक्खनपुर गाँव में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। इस पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। परिवारों को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो प्रारंभिक असहमति के बावजूद अंततः दोनों पक्ष विवाह के लिए राजी हो गये। करीब छह माह पहले शादी तय हुई और 1 मई को विवाह की तिथि निश्चित की गई।

सोनी के पिता मोरखनाथ बिन्द के अनुसार दोनों परिवार इस रिश्ते से संतुष्ट थे लेकिन एक दूर का रिश्तेदार जो आज़मगढ़ का निवासी बताया जा रहा है। इस विवाह का लगातार विरोध कर रहा था। उसने न केवल इस संबंध को स्वीकारने से इनकार किया, बल्कि दूल्हे आज़ाद को धमकियां भी दी और शादी न करने का दबाव बनाता रहा।

परिवार की ओर से इस संभावित खतरे को देखते हुए पहले ही सुरक्षा की माँग की गई थी। मृतक की माँ ने आशंका जताई थी कि बारात के दौरान कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इसी कारण शादी में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। हालांकि सभी इंतज़ामों के बावजूद वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब दूल्हा बारात लेकर स्थल तक पहुँचने से पहले ही रास्ते में था।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों से कुछ बारातियों की गाड़ियां पहले ही विवाह स्थल पर पहुँच गई थीं लेकिन दूल्हे की गाड़ी को रास्ते में ही निशाना बना लिया गया। सूत्रों के अनुसार, हमलावरों की योजना द्वारचार या जयमाल के समय वारदात करने की थी लेकिन उन्हें मौके की सटीक जानकारी मिलती रही। जिसके चलते उन्होंने पहले ही हमला कर दिया।

घटना के बाद एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। बताया जाता है कि सोनी का एक दूर का रिश्तेदार प्रदीप भी शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ आया था। उसने कुछ समय तक समारोह में उपस्थिति दर्ज कराई और सगुन देने के बाद शाम लगभग 6 बजे किसी अन्य शादी में जाने की बात कहकर चला गया। पुलिस इस पहलू को भी गम्भीरता से जाँच में शामिल कर रही है।

इसके अलावा दूल्हे की गाड़ी के चालक को भी संदेह के दायरे में रखा गया है। पुलिस ने चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जाँच में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534