Jaunpur News : माहवारी स्वच्छता दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मड़ियाहूं, जौनपुर। माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर जन विकास संस्थान एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।

जन विकास संस्थान द्वारा संचालित उड़ान परियोजना के अंतर्गत किशोरी प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार परियोजना के तहत मछलीशहर ब्लॉक के जमालपुर एवं जगदीशपुर, विकास खंड मड़ियाहूं के ग्राम पंचायत कुंभ तथा विकास खंड बरसठी के ग्राम पंचायत भैंसहा में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में लगभग 250 किशोरियों एवं महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान माहवारी से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों पर चर्चा की गई तथा स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इस दौरान साफ-सफाई एवं उचित देखभाल अत्यंत आवश्यक होती है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश सिंह, महिला चिकित्सक डॉ. पूर्णिमा राव, स्वास्थ्य कर्मी इंदुमती, फार्मासिस्ट श्रुति सिंह तथा आशा कार्यकर्ता रेखा उपस्थित रहीं। वहीं जन विकास संस्थान की ओर से कार्यक्रम प्रबंधक अवधेश कुमार, शिव प्रकाश, मेनिका, सीमा एवं बेबी मौजूद रहे।

डॉ. सर्वेश सिंह और स्वास्थ्य कर्मी इंदुमती ने किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां, एनीमिया से बचाव, पौष्टिक आहार तथा स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम प्रबंधक अवधेश कुमार ने बताया कि माहवारी स्वच्छता दिवस को पखवाड़े के रूप में मनाते हुए सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जन विकास संस्थान के निदेशक राजमणि ने कहा कि माहवारी पर खुलकर संवाद और सही जानकारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

कार्यक्रम का संचालन शिव प्रकाश और मेनिका द्वारा किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छ माहवारी अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534