मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल में संचालित 7175 करोड़ रुपये लागत की 2630 परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए बरसात से पहले महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और स्वीकृत परियोजनाएं जल्द धरातल पर दिखाई दें।
बैठक में बताया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र की 687 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत से अधिक पूरी हो चुकी हैं। वाराणसी जिले में 3223 करोड़ रुपये की लागत से 421 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने सड़कों की मरम्मत से पहले वैज्ञानिक सर्वे कराने, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स और वाराणसी के यूनिटी मॉल परियोजना की भी समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य आंकड़े
कुल परियोजनाएं : 2630
कुल लागत : 7175 करोड़ रुपये
पूर्ण परियोजनाएं : 687
90% से अधिक पूर्ण : 542
वाराणसी में चल रहे कार्य : 421
लागत : 3223 करोड़ रुपये
चंदौली कोर्ट कॉम्प्लेक्स : 18% कार्य पूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में सड़क और आधारभूत संरचना की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए समयसीमा और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

