Jaunpur News : केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का हुआ शुभारम्भ

जौनपुर। भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक संचालित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर के समक्ष 17-20 जून तक तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन होगा। प्रदर्शनी का शुभारम्भ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की उपस्थिति में फीता काटकर किया।

प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा विगत 12 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों को चित्रों एवं प्रदर्श सामग्री के माध्यम से दर्शाया गया है। साथ ही जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को आकर्षक होर्डिंग्स एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में अवसंरचना विकास के अन्तर्गत केराकत एवं शाहगंज के नौली में अग्निशमन केन्द्र के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण, खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना, नमामि गंगे योजना के अंतर्गत गोमती रिवर फ्रंट एवं घाटों का निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु मेडिकल कॉलेज की स्थापना, महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए सिद्धीकपुर में राजकीय महिला आईटीआई तथा केराकत में दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना को प्रदर्शित किया गया है।

इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल के दो ब्लॉकों का निर्माण तथा बदलापुर बस स्टेशन के निर्माण सहित जनपद में हुए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों को चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। प्रदर्शनी का राज्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने अवलोकन भी किया। इस मौके पर राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। सरकार गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत निःशुल्क राशन वितरण, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना तथा कोविड काल में निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर से अवगत कराना है। प्रदर्शनी में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, किसान कल्याण एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचार साहित्य का वितरण कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया। इस दौरान सोनम सरोज एण्ड पार्टी द्वारा लोकगीतों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534