बता दें कि निक्की की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई भदोही जनपद के गोपीगंज में स्थित एक इंटर कॉलेज में ही हुई। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज में रहकर बीएससी (स्नातक) की शिक्षा प्राप्त की तथा वहीं से MAT परीक्षा की तैयारी की। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए उनका परीक्षा केंद्र नई दिल्ली में निर्धारित था जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया। परीक्षा में उन्होंने 800 का कंपोजिट स्कोर प्राप्त करते हुए 99.96 पर्सेंट हासिल किया।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई मिसाल कायम की है। परिणाम घोषित होने के बाद परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने निक्की को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद निक्की ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
निक्की के पिता श्री उपाध्याय ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उसकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगन का प्रतिफल है। वहीं पूर्व प्रधान ममता उपाध्याय ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। निक्की की इस उपलब्धि से राईपुर गांव सहित पूरे सुरेरी क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, बल्कि गांव की मिट्टी से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। वहीं आशीष दुबे, जगदम्बा उपाध्याय, बालकृष्ण उपाध्याय, तुफानी राजभर, दूधनाथ पाठक, देवीशंकर मिश्र, रविन्द्र मिश्र आदि ने निक्की के आवास पर पहुंचकर सफलता पर बधाई दिया।
