Jaunpur News : द्वार पूजा के समय मासूम गायब, शव झुरमुट में मिला, दुराचार की आशंका


एसएसपी, डीएम, एसडीएम, सीओ सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे

सिरकोनी, जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में शादी समारोह में शामिल होने आयी साढ़े 4 वर्षीय मासूम रविवार की रात को अचानक से द्वार पूजा के समय लापता हो गयी। मासूम के लापता होने की जानकारी होने पर उसकी माँ उसे ढूढ़ने लगी। उसके बाद अन्य लोग भी खोजबीन करने लगे परन्तु रात में उसका कुछ पता नहीं चल पाया। सोमवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी गयी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव के लोगों के साथ खोजबीन शुरू किया। मासूम का शव सई नदी के किनारे धनेजा घाट के पास सरपत के झुरमुट में मिला।


बताया गया कि धनेजा गांव निवासी बाबूराम निषाद की पुत्री खूशबू की शादी रविवार को थी। शादी समारोह में जफराबाद कस्बे के काजी अहमदनूर (नाव घाट) निवासी पिंकी निषाद पत्नी सत्तन निषाद अपनी 4 वर्षीया बेटी लक्ष्मी उर्फ लाडो के साथ आयी थी। पिंकी वहां अपने मौसी के घर आयी थी। बारात आने के बाद द्वार पूजा का कार्यक्रम हो रहा था। खुटहन के पिलकिछा से बारात आ आयी थी। साढ़े 10 बजे द्वार पूजा के समय ही अन्य रश्में भी चल रही थीं। लाडो भी बारात में खेल रही थी। माता पिंकी भी रश्मों में शामिल हो रही थी। अचानक द्वार पूजा खत्म होने के बाद लाडो दिखायी नहीं दे रही थी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शूरू कर दी परन्तु कहीं नहीं मिली।

परिजन एक तरफ बारातियों के स्वागत व खाने पीने की व्यवस्था में लगे थे तो कुछ लोग लाडो को ढूढ़ रहे थे लेकिन रात में उसका पता नहीं चल पाया। सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना दी गयी तो पुलिस की खोजबीन शुरू हुई कि उसी समय उक्त स्थान पर लक्ष्मी का शव मिलने से क्षेत्र से सनसनी फैल गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। माता पिंकी निषाद और सत्तन निषाद अपनी बेटी के साथ किसी दुराचार के बाद हत्या की आशंका जाहिर कर रहे है। हालांकि पुलिस हर एंगल से घटना की छानबीन कर रही है।

 डीएम—एसएसपी ने लिया जायजा, परिजनों को दिलाया भरोसा

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता आईपीएस, क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा, थानाध्यक्ष जफराबाद मिथिलेश तिवारी मयफोर्स मौके पर पहुंच गये। अधिकारियों ने पीड़ित परिजन को न्याय का भरोसा दिलाया। वहीं इस संदर्भ में पूछे जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि सुबह बच्ची के गायब होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो नदी किनारे उसका शव मिला। टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।

शादी की खुशियां मातम में बदली

धनेजा गांव में आयोजित शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब द्वार पूजा के दौरान लापता हुई 4 वर्षीय मासूम बच्ची का शव घर से करीब 100 मीटर दूर मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस आस—पास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। लोगों का कहना है कि बच्ची को शाम के समय शादी समारोह में खेलते और डांस करते देखा गया था। आशंका जतायी जा रही है कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और शव झुरमट में फेंक दिया। फिलहाल हत्या के पीछे का वजह क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534