सरायख्वाजा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के जर्रो गांव स्थित पक्का पोखरा परिसर में पेड़ काटने का विरोध करने पर एक चौकीदार के घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जर्रो निवासी महेंद्र प्रताप यादव, जो सरायख्वाजा थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं, गुरुवार दोपहर पक्का पोखरा स्थित आश्रम के पास पहुंचे। बताया जाता है कि वहां कुछ लोग ठहरे हुए थे और परिसर में लगे पेड़ों की कटाई कर रहे थे।महेंद्र प्रताप यादव ने पेड़ काटे जाने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद विवाद हो गया और कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग वहां से चले गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला भेजा गया। उपचार के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
