उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में माह जनवरी से 21 जून तक कुल 379 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं जिनमें 224 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 247 व्यक्ति घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं के इन आंकड़ों पर चिंता व्यक्त करते हुये निर्देश दिया कि जिन स्थानों को दुर्घटना संभावित के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां आवश्यक चेतावनी बोर्ड, संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाये जायं। लोक निर्माण विभाग सहित सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पूर्व सभी सड़कों के गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित की जाय।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में दुर्घटना संभावित स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा क्षेत्रों में वाहन चालकों की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बनाए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाय। परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना फिटनेस वाले वाहन किसी भी दशा में सड़कों पर संचालित न होने पाये। ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुये कहा कि नीट परीक्षा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन का कार्य सराहनीय रहा। यातायात पुलिस धूप से बचने के लिये हैट उपलब्ध कराने और उनके सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन की कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने किये गये अतिक्रमण को हटाने तथा सड़क एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाये रखने के लिये अभियान चलाने के निर्देश दिये। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रामीण सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाये जाने के निर्देश संबंधित विभागों को देते हुये कहा कि परिवहन विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1800-1800-151 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय जिससे आमजन सड़क सुरक्षा एवं परिवहन संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि तबेला संचालक अपने पशुओं को बांधकर रखें जिसके सम्बन्ध में अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुये नोटिस जारी करने का निर्देश दिया जाय। सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल देते हुये निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा विषयक सेमिनार आयोजित किये जायं। विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय इयरफोन/ईयरबड्स का प्रयोग न करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जाय। निर्देश दिया कि जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सामने ज़ेब्रा क्रॉसिंग एवं आवश्यक पेंटिंग करायी जाय।
उन्होंने ओवरलोड वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा बिना हेलमेट वाहन संचालित करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई एवं चालान किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाते पाये जाने पर उनके अभिभावकों को बुलाकर सचेत करने करने के निर्देश दिये। बैठक में पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, नगर निकायों सहित तमाम संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
