Jaunpur News : ट्रैक्टर से कुचलकर किसान की हुई मौत, चालक फरार

आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे चालक को पीटा

सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के कटघर गांव में सोमवार रात मिट्टी ढुलाई कर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मिट्टी ढुलाई कर रहे दूसरे ट्रैक्टर के चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एकडला गांव निवासी सीताराम बिंद (65) सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे रामनगर बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। कटघर गांव के पास मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह साइकिल समेत गिर पड़े और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी मूरता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा राम आशीष गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र है, जबकि छोटा बेटा अनिल मजदूरी करता है।हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मिट्टी ढुलाई कर रहे दूसरे ट्रैक्टर के चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बेटे राम आशीष की तहरीर पर सुइथाकला गांव निवासी चालक साजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

 विद्यालय में हुई शोकसभा

शिक्षामित्र के पिता की मौत की खबर के बाद विद्यालय में शोकसभा आयोजित की गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री उमेश चंद्र यादव ने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उपस्थित शिक्षकों, रसोइयों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534