जानकारी के अनुसार गुरुवार भोर करीब साढ़े तीन बजे तेज आंधी और तूफान के दौरान जगदीश यादव अपने घर के बाहर सो रहे थे। मौसम खराब होने पर उन्होंने परिवार के सदस्यों को बरामदे में सोने के लिए कहा। इसी दौरान पड़ोसी जगधारी यादव के पक्के मकान की दीवार अचानक जगदीश यादव के घर पर गिर गई।
दीवार गिरने से बरामदे का हिस्सा ढह गया और वहां मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में जगदीश यादव की पत्नी रेखा देवी (40), पुत्री प्रिया (18) तथा दो वर्षीय मासूम बच्चा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शादी की तैयारियों के बीच हादसे से बढ़ी परेशानी
परिजनों के अनुसार जगदीश यादव के घर आगामी 19 जून को शादी का कार्यक्रम निर्धारित है। शादी की तैयारियों के चलते घर में रिश्तेदार भी आए हुए हैं। ऐसे समय में हुए इस हादसे से परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि शादी की तैयारियां और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित न हों।


