जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों एवं ओपीडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल से आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा समुचित उपचार मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल तथा मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सीएमओ ने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के समय अस्पताल के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
