जौनपुर, 12 जुलाई 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर निवासी दिवंगत प्रेमचन्द्र यादव के परिवार की आर्थिक सहायता हेतु ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का चेक उपलब्ध कराया।
बताया गया कि उक्त घटना की जानकारी दीवानी बार एसोसिएशन, जौनपुर के अध्यक्ष श्री सुबाष चंद्र यादव ने श्री अखिलेश यादव को दी थी तथा पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता का अनुरोध किया था। इसके उपरांत श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आज 12 जुलाई 2026 को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य के माध्यम से एक लाख रुपये का चेक मृतक की पत्नी श्रीमती निशा यादव के घर भिजवाया गया, जिसे दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुबाष चंद्र यादव ने उन्हें सौंपा।
गौरतलब है कि गोसाईपुर निवासी प्रेमचन्द्र यादव, जो सहज जनसेवा केंद्र का संचालन करते थे, 11 मार्च 2026 की रात केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर गोली मार दी तथा उनके पास रखा रुपया और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना जफराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026 दर्ज किया गया। गंभीर रूप से घायल प्रेमचन्द्र यादव का उपचार ट्रामा सेंटर, वाराणसी में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान 13 मई 2026 को उनका निधन हो गया।
मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी निशा यादव, चार बेटियों एवं एक छोटे पुत्र सहित बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण वे गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे कठिन समय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव द्वारा प्रदान की गई आर्थिक सहायता को पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. अवधनाथ पाल, कृष्णा यादव (अधिवक्ता), ग्राम प्रधान हीरालाल यादव, अमन यादव सपा नेता युवा नेता शिवाय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
