Jaunpur News : जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027-28 हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ मडियाहूं


जवाहर नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027-28 के माध्यम से कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवम्बर 2026 को किया जाएगा।
जवाहर नवोदय विद्यालय, जौनपुर के प्राचार्य श्री मुदित सक्सेना ने जनपद के समस्त अभिभावकों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से अपील की है कि वे अपने विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों का समय से ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बताया कि केवल वही विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं, जो सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत हों तथा संबंधित जनपद के निवासी हों। अभ्यर्थी का जन्म 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियाँ सम्मिलित) के मध्य होना आवश्यक है।
प्राचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण सीबीएसई शिक्षा, छात्रावास, भोजन, पुस्तकें, गणवेश सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाता है तथा आवेदन के लिए कोई शुल्क देय नहीं है।
उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते अपने पाल्य का ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर लें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर से वंचित न रह जाए। साथ ही जनपद के सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अधिकाधिक पात्र विद्यार्थियों तक इस सूचना को पहुंचाकर उनके आवेदन में सहयोग प्रदान करें। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क आवासीय शिक्षा का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534