अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की प्रान्तीय बैठक में 19 जिलों के पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा
जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की दो दिवसीय प्रान्तीय कार्यकर्ता बैठक उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेवा कार्यों को गति देने तथा जनसंपर्क अभियान को मजबूत बनाने पर मंथन किया गया। इस दौरान प्रदेशभर में एक लाख श्री हनुमान चालीसा पाठ केंद्र तथा 50 हजार समितियों के गठन का लक्ष्य तय किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं माता सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रबंधक दिलीप श्रीवास्तव एडवोकेट तथा विशिष्ट अतिथि उदयराज सिंह रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रान्तीय पदाधिकारी डॉ वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने काशी प्रान्त के सभी जिलों से शीघ्र जिला समितियों का गठन पूर्ण करने का आह्वान किया। प्रान्त महामंत्री तरुण शुक्ल ने संगठन की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक पदाधिकारी से अपने क्षेत्र में श्री हनुमान चालीसा पाठ केंद्र संचालित करने की अपील की। संगठन महामंत्री संजय दुबे ने महासंपर्क अभियान को तेज करते हुए अधिक से अधिक हिन्दू परिवारों से संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। प्रान्त मंत्री कात्यायनी शुक्ल ने हिन्दू हेल्पलाइन एवं इंडिया हेल्थ लाइन की जानकारी देते हुए उनके माध्यम से समाज सेवा के विभिन्न कार्यों पर प्रकाश डाला। बैठक में दुर्गेश श्रीवास्तव, अहिप के संयुक्त महामंत्री नरेन्द्र शास्त्री, राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रान्त अध्यक्ष सुधीर शुक्ल, महामंत्री अर्जुन मौर्य, राष्ट्रीय छात्र परिषद के प्रान्त मंत्री अशोक सिंह, सोशल मीडिया प्रान्त महामंत्री अखिलेश तिवारी, उपाध्याय ओम श्री परिवार के अशिशानन्द महाराज तथा विभागाध्यक्ष फलाहारी महाराज सहित अनेक प्रान्तीय एवं विभागीय पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के समापन पर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, सेवा गतिविधियों को तेज करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का सामूहिक संकल्प लिया गया। अंत में जिलाध्यक्ष अजय पाण्डेय ने काशी प्रान्त के विभिन्न जिलों से आए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ प्रवीण भाई तोगड़िया के नेतृत्व में संगठन समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगा।
