Jaunpur News : उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवाजे गए टीडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह


जौनपुर। ज्ञान, समर्पण और सतत शैक्षणिक साधना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तिलकधारी महाविद्यालय, जौनपुर के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह को उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शिक्षाविदों में हर्ष की लहर है।

प्रो. राम आसरे सिंह ने अपने शैक्षणिक जीवन में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके नेतृत्व में तिलकधारी महाविद्यालय ने शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संस्थागत गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रगति की है। विद्यार्थियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, शिक्षण के प्रति समर्पण और महाविद्यालय के विकास को लेकर उनकी सक्रिय भूमिका को व्यापक रूप से सराहा जाता रहा है।

उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर प्रो. राम आसरे सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा भी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सहयोगी शिक्षकों, महाविद्यालय के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों को दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। शिक्षा समाज और राष्ट्र के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रो. राम आसरे सिंह को मिले इस सम्मान पर महाविद्यालय परिवार सहित जनपद के शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534