Jaunpur News : दूल्हा हत्याकांड का एक लाख का इनामी आरोपी प्रदीप बिंद ने कोर्ट में किया सरेंडर


जौनपुर। जिले के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहा एक लाख रुपये का इनामी आरोपी प्रदीप बिंद ने पुलिस की गिरफ्त से पहले न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के कोर्ट में सरेंडर की खबर मिलते ही मृतक दूल्हे आजाद बिंद के परिजनों में मायूसी छा गई। उनका कहना है कि वे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा किए जाने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उसके आत्मसमर्पण करने से उन्हें निराशा हुई।

गौरतलब है कि 1 मई 2026 को खेतासराय थाना क्षेत्र के मानेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात से शादी की खुशियां मातम में बदल गई थीं और पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस की लगातार दबिश के बीच प्रदीप बिंद ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। अब इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई न्यायालय में आगे बढ़ेगी, जबकि पीड़ित परिवार आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर कायम है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534