Jaunpur News : उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं और पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर अधिक से अधिक ऋण वितरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित अनुश्रवण करते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें।


बैठक में सीडा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, पार्क, विद्युत व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सीडा क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का शत-प्रतिशत निस्तारण कराने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिल सके।


उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर जनपद में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए, जिससे रोजगार सृजन को गति मिल सके।


बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534