जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को थाना सिकरारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना और थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस कार्यों में आवश्यक प्रगति लाने और थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने दुस्साहसी एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने तथा पात्र अपराधियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम, जिला बदर और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर आपराधिक माफिया घोषित करने, उनके गिरोह का डीसीआरबी में पंजीकरण कराने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
आगामी कांवड़ यात्रा और सावन पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उनकी समस्याएं सुनकर समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
ऑपरेशन वज्रपात के तहत मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उनके अभिलेखीकरण, सामाजिक माध्यमों पर खातों की सतत निगरानी और आपत्तिजनक सामग्री वाले खातों को हटाने की कार्रवाई की जानकारी ली गई। ऐसे व्यक्तियों के परिजनों की काउंसलिंग कर उन्हें आपराधिक एवं अवांछनीय गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति विनम्र और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने, शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/अपराध गोल्डी गुप्ता सहित थाना सिकरारा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
