Jaunpur News : एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पूर्वांचल विवि में किया प्रदर्शन


जौनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश संयोजक शानू सिंह और पूर्व जिला संयोजक शिवम सिंह को दीक्षांत समारोह के दिन हाउस अरेस्ट किए जाने के विरोध में बीती रात पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया।  कार्यकर्ताओं ने प्रशासन का पुतला दहन कर मामले में जवाबदेही की मांग की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्र प्रतिनिधियों को दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र दिए गए थे। इसके बावजूद उसी दिन सुबह उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। परिषद ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक व्यवस्था और छात्र अधिकारों का उल्लंघन बताया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शानू सिंह ने कहा कि छात्रहित की आवाज को हाउस अरेस्ट या दमन से दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने प्रशासन से इस कार्रवाई का जवाब मांगा और दोहराया कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
शानू सिंह ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र प्रतिनिधि के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि परिषद लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रहित की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया, तो परिषद हर लोकतांत्रिक मंच पर इसका सशक्त विरोध करेगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534