जौनपुर, 14 जुलाई। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई जब परिवार के लोग सोकर उठे और घर के कमरों में सामान बिखरा मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित इन्द्र कुमार उर्फ राजेश कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चोर घर में रखी सोने की चेन, हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, नथुनी, चांदी की पायल, करधनी, छागल सहित परिवार के अन्य कीमती आभूषण उठा ले गए। इसके अलावा अलमारी में रखे 15 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने गौराबादशाहपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
