जौनपुर, 14 जुलाई। मुंगराबादशाहपुर नगर के सराय रुस्तम (कमालपुर) की होनहार मार्शल आर्ट खिलाड़ी आरती गौतम का चयन 15 से 25 जुलाई तक वियतनाम में आयोजित होने वाली 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह गांडा स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आरती के चयन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
आरती ने अब तक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कराटे में ब्लैक बेल्ट धारक आरती को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके प्रशिक्षकों छोटेलाल बिंद और रामजीत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वित्तीय कठिनाइयों को देखते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं उद्योगपतियों ने संयुक्त रूप से ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे उनका वियतनाम जाना संभव हो सका। रवाना होने से पहले उनके आवास से लेकर प्रयागराज रेलवे स्टेशन तक भव्य विदाई दी गई। आरती ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा लहराने का संकल्प जताया।
