धर्मापुर (जौनपुर), 06 जुलाई 2026। माय भारत के तत्वावधान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जयंती के अवसर पर मालती देवी शिक्षण संस्थान, सरैया, धर्मापुर में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन शुभम मौर्य, यूथ वालंटियर, ब्लॉक धर्मापुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतोष मौर्य, मण्डल अध्यक्ष, भाजपा धर्मापुर ने दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रनिर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में आकृति गुप्ता ने प्रथम, अंतिमा यादव ने द्वितीय तथा आदर्श मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं अध्यक्ष शुभम मौर्य ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में ज्ञान, प्रतिस्पर्धा की भावना तथा राष्ट्र के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।
