Azamgarh News: युवती के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद आत्महत्या मामले में वांछित आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल किए जाने के बाद आत्महत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर जिले से गिरफ्तार किया है। साइबर सेल आजमगढ़ की तकनीकी टीम ने आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बोइसर से आरोपी को पकड़ा।



पुलिस के अनुसार, रौनापार क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 23 वर्षीय बेटी के संबंध में तहरीर दी थी। आरोप है कि प्रमोद गोंड ने युवती से दोस्ती कर उसके साथ संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती पर बार-बार संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि बाद में आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर दिए। इसके बाद युवती ने आत्महत्या कर ली।

13 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा

तहरीर के आधार पर 13 जुलाई 2026 को थाना रौनापार में मुकदमा अपराध संख्या 195/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 64(2)(ड), 108 बीएनएस और 67ए आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध एवं विवेचक अशोक कुमार तिवारी कर रहे हैं।



मोबाइल लोकेशन से महाराष्ट्र पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किया गया। साइबर सेल की तकनीकी टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो बोइसर, पालघर, महाराष्ट्र में मिली।

लोकेशन के आधार पर रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम महाराष्ट्र पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से श्रीराम फेडरेशन कंपनी, बोइसर, पालघर से प्रमोद गोंड पुत्र जगरनाथ गोंड को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र 34 वर्ष बताई गई है।

ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाया गया

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे संबंधित न्यायालय, पालघर के समक्ष पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर पुलिस आरोपी को आजमगढ़ लाई। 16 अगस्त को उसे थाना रौनापार में दाखिल कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

साइबर सेल की भूमिका महत्वपूर्ण

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तकनीकी लोकेशन हासिल करने में साइबर सेल आजमगढ़ की टीम की अहम भूमिका रही। संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक अपराध एवं विवेचक अशोक कुमार तिवारी, कांस्टेबल विकास यादव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, मुख्य आरक्षी ओम प्रकाश जायसवाल और मुख्य आरक्षी मुकेश भारती शामिल रहे।


और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534