Jaunpur News : जौनपुर में मुफ्त राशन वितरण की तारीख बढ़ी, अब 25 अगस्त तक मिलेगा खाद्यान्न


जौनपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अगस्त 2026 के लिए आवंटित निःशुल्क खाद्यान्न के वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अगस्त कर दी गई है। पहले खाद्यान्न वितरण की अवधि 5 से 18 अगस्त 2026 तक निर्धारित थी। कांवड़ यात्रा के कारण कुछ जिलों में खाद्यान्न के उठान और वितरण में हुई बाधा को देखते हुए शासन ने यह निर्णय लिया है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले की सभी उचित दर दुकानों पर वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

अंत्योदय राशन कार्डधारकों को कुल 35 किलोग्राम निःशुल्क खाद्यान्न दिया जाएगा। इसमें 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल शामिल है। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड से जुड़े प्रत्येक यूनिट पर पांच किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा, जिसमें एक किलोग्राम गेहूं और चार किलोग्राम चावल होगा।

निःशुल्क खाद्यान्न वितरण के दौरान 25 अगस्त तक पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उचित दर विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी के माध्यम से राशन का वितरण कर सकेंगे।

18 अगस्त की निर्धारित तिथि तक आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं को 25 अगस्त तक मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा दी जाएगी।

जिला पूर्ति विभाग ने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि नई ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों के माध्यम से 25 अगस्त तक नियमानुसार निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें। वितरण पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जाएगा। साथ ही सभी राशन दुकानों पर योजना से संबंधित सूचना चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई पात्र लाभार्थी खाद्यान्न से वंचित न रह जाए।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534