जलालपुर, जौनपुर। थानागद्दी-जलालपुर मुख्य मार्ग से सोहनी गांव को जोड़ने वाला नहर सड़क मार्ग इन दिनों बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन मानसून में स्थिति और गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। बदहाल मार्ग के कारण क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग की मरम्मत होने से आवागमन सुचारु हो सकेगा और बरसात के दौरान लोगों को राहत मिलेगी।
