Jaunpur News : बार एसोसिएशन चुनाव का बिगुल, पहले दिन बिके 26 नामांकन पत्र


11 सितंबर को मतदान, 259 अधिवक्ता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

मड़ियाहूं, जौनपुर। तहसील बार एसोसिएशन मड़ियाहूं की वर्ष 2026 की प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन अध्यक्ष, महामंत्री समेत विभिन्न पदों के लिए कुल 26 नामांकन पत्र बिके। चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के बीच राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

निर्वाचन अधिकारी राम लखन पटेल एडवोकेट ने बताया कि एक से तीन सितंबर तक नामांकन पत्रों की बिक्री, दाखिला और जांच की जाएगी। पांच सितंबर को नाम वापसी होगी। इसके बाद 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव में कुल 259 अधिवक्ता मतदान करेंगे।

पहले दिन अध्यक्ष पद के चार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दो, उपाध्यक्ष ए श्रेणी के दो, बी श्रेणी के दो, महामंत्री के पांच, कोषाध्यक्ष का एक, संयुक्त मंत्री के चार और कार्यकारिणी सदस्य के छह नामांकन पत्र बिके।

अध्यक्ष पद के लिए 25 वर्ष की वकालत और चार हजार रुपये शुल्क निर्धारित है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए 20 वर्ष की वकालत व 3,500 रुपये, जबकि महामंत्री पद के लिए 15 वर्ष की वकालत और तीन हजार रुपये शुल्क तय किया गया है। अन्य पदों के लिए भी अलग-अलग अर्हता और शुल्क निर्धारित हैं।

अर्हता की गणना 31 अगस्त 2026 को प्रकाशित अंतिम सदस्यता सूची के आधार पर होगी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश, प्रयागराज में दो वर्ष से कम पुराने पंजीकरण वाले अधिवक्ता चुनाव लड़ने और मतदान करने के पात्र नहीं होंगे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534