जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में राजस्थान निवासी एक व्यक्ति से 41 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन निवासी जमऊपट्टी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद और लूट में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है। मामले में फरार सह-आरोपी उपदेश पाठक निवासी सुल्तानपुर की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बीकानेर, राजस्थान निवासी जयपाल शर्मा अपने भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अधिवक्ता अभिनव सिंह से हुई। आरोप है कि जमानत की औपचारिकता पूरी होने के बाद 5 सितंबर को अधिवक्ता उन्हें जौनपुर ले गया। वहां दो जौहरी कारोबारियों से 22 लाख और 19 लाख रुपये, कुल 41 लाख रुपये दिलवाए गए।
आरोप है कि वापसी के दौरान कार को यू-टर्न लेकर वादी का मोबाइल छीन लिया गया और जान से मारने की धमकी देते हुए करीब 20-30 किलोमीटर तक घुमाया गया। टोल प्लाजा के पास रुपयों से भरा बैग छीनकर उसे गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया गया।
वादी ने 16 सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण को प्रार्थना पत्र दिया था। उनके निर्देश पर 20 सितंबर को बक्शा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 35 लाख रुपये बरामद किए। पुलिस के अनुसार शेष छह लाख रुपये आरोपी ने व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करने की बात बताई है।
पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया गया है। वहीं एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह और एएसपी गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई है।