खेतासराय जौनपुर। कासिमपुर मोहल्ले के पास बीती शाम रेलवे ट्रैक किनारे पानी से भरे गड्ढे में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड, पैन कार्ड और फटे ट्रेन टिकट से उसकी पहचान 28 वर्षीय अनुपम दीक्षित पुत्र अमरेश चंद दीक्षित, निवासी सरने गांव, थाना अलीनगर, चंदौली के रूप में हुई।
स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे पानी से भरे गड्ढे में शव देखा पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मृतक की जेब से फटी हालत में ट्रेन का टिकट मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के रेलवे ट्रैक और घटनास्थल की भी जांच की। आशंका है कि अनुपम सुबह वाराणसी की ओर जा रही साबरमती ट्रेन से गिरकर ट्रैक किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरा होगा। हालांकि वह किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिजन को सूचित कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि युवक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों से हुई है। परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।