जौनपुर। शीतला चौकियां क्षेत्र के बड़ागर चौराहा स्थित नई कॉलोनी में जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। बरसात के दिनों में गलियों में पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार हल्की बारिश में भी कॉलोनी की गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों को घर से निकलने में परेशानी होती है।
जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी रास्तों से गुजरना मुश्किल हो गया है। कई दिनों तक पानी जमा रहने से लोगों में बीमारियों के फैलने की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
अरविन्द त्रिपाठी, राजबहादुर यादव, शरद सिंह, सुनीता सैनी, प्रीति राय, यस गुप्ता, सुदर्शन सोनकर, आशीष गुप्ता उर्फ मोनू समेत अन्य कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नई नाली का निर्माण कराने तथा जल निकासी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों ने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।