Jaunpur News : इंजरी गांव के पास टायर फटने से हाईवे पर पलटा पशु आहार लदा ट्रक


जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के इंजरी गांव के पास वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह पशु आहार लदा ट्रक टायर फटने के बाद बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक में सवार चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। दोनों को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद सड़क किनारे पशु आहार बिखर गया, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

बताया गया कि ट्रक बिहार के कुल्हड़िया से पशु आहार लेकर हैदरगढ़-जगदीशपुर जा रहा था। रविवार सुबह इंजरी गांव के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक का एक टायर तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने से चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कुछ ही क्षण में ट्रक हाईवे पर पलट गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने ट्रक के अंदर किसी के फंसे होने की आशंका में जांच की। हालांकि चालक और खलासी सुरक्षित बाहर निकल आए। चालक की पहचान बहराइच के बखरपुर निवासी रामू गुप्ता और खलासी की पहचान लखीमपुर खीरी के ईशानगर निवासी श्यामू के रूप में हुई है। दोनों के सुरक्षित होने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

ट्रक पलटने से उसमें लदा पशु आहार सड़क किनारे बिखर गया। घटना की जानकारी चालक ने ट्रक मालिक को दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हाईवे पर ट्रक पलटे होने के कारण कुछ समय तक वाहनों के आवागमन पर असर पड़ा। बाद में ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ट्रक का टायर फटना बताई जा रही है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534