जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के लोहराखोर बाजार में शनिवार देर रात मोबाइल की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रुपये का मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार ने करीब एक साल पहले ही कारोबार शुरू किया था। घटना के बाद उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
लोहराखोर ग्राम सभा निवासी जय हिंद शर्मा बाजार में ‘जय हिंद मोबाइल कम्युनिकेशन’ नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने लगभग एक साल पहले ही दुकान खोली थी। शनिवार शाम को वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे।
रात करीब आठ से नौ बजे के बीच आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने तत्काल जय हिंद शर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान में रखा मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
दुकानदार के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग की घटना के बाद दुकानदार और उसके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।