खुटहन (जौनपुर)17 सितंबर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीया किशोरी को युवक द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार धिरौली नानकार गांव निवासी सचिन बिंद का पीड़ित परिवार के घर आना-जाना था। गत रविवार को परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। घर पर किशोरी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान सचिन बिंद घर पहुंचा और किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया।स्वजन लौटे तो किशोरी के घर पर नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ गई। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद चाचा ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
