जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र में तिघरा बाजार से आगे गौसपुर बाजार स्थित गौसपीर बाबा की दरगाह पर विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। दूर-दराज के जिलों, अन्य राज्यों और विदेशों से भी लोग अपनी मन्नतें लेकर यहां पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों और दर्शनार्थियों के अनुसार, कई श्रद्धालु भूत-प्रेत संबंधी परेशानियों से मुक्ति की मान्यता के चलते भी दरगाह पर आते हैं।
बताया जाता है कि हर वर्ष 23 सितंबर की रात 12 बजे के बाद यानी 24 सितंबर की सुबह दरगाह का फाटक खुलता है। फाटक खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग चढ़ावा भी चढ़ाते हैं। भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं।
दर्शनार्थियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बावजूद पेयजल, भोजन, स्नान, ठहरने और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। भीड़ के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की व्यवस्था भी जरूरी है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि विशेष अवसरों पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पहले से की जानी चाहिए। अचानक कोई हादसा या स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय पर मदद नहीं मिलने से स्थिति गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि विशेष अवसरों पर यहां भीड़ को देखते हुए पेयजल, शौचालय, सफाई, चिकित्सा, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा व्यवस्था को पर्याप्त किया जाए। उनका कहना है कि जब दरगाह पर इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं तो व्यवस्थाएं भी उसी अनुपात में होनी चाहिए।