जौनपुर। महराजगंज विकासखंड की कोल ग्राम सभा में स्कूल जाने वाले रास्ते पर उगी घनी झाड़ियों से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। बारिश के बाद मुख्य सड़क के किनारे बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे रास्ते पर आवागमन करने वाले बच्चों के लिए खतरा बढ़ गया है।
गांव में संस्कृत प्राथमिक विद्यालय, मिडिल स्कूल और एक इंग्लिश मीडियम स्कूल संचालित होता है। सुबह स्कूल जाने और छुट्टी के समय इस रास्ते से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पैदल गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों के घने होने के कारण रास्ते के किनारे का हिस्सा दिखाई नहीं देता। ऐसे में इनमें जहरीले कीड़े-मकौड़े या सांप छिपे होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद झाड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद अभी तक सफाई नहीं कराई गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते झाड़ियों की कटाई और दवा का छिड़काव नहीं कराया गया तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
जिम मोहन, रामकरण विश्वकर्मा, केवल गुप्ता, राम निहोर, बरसाती, मनोज और पूर्णमासी समेत अन्य ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और प्रशासन से तत्काल झाड़ियों की सफाई कराने तथा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ संभावित हादसे को भी टाला जा सकता है।