Jaunpur News : बसरही बाजार की सड़क पर जलभराव, राहगीरों और दुकानदारों की बढ़ी परेशानी


जौनपुर। बसरही बाजार में खराब सड़क और जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों से आने वाले ग्रामीण भी परेशान हैं। बारिश होते ही बाजार की सड़क पानी से भर जाती है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कत होती है। लंबे समय से बनी इस समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

जल निकासी की व्यवस्था नहीं

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में सड़क पर काफी पानी जमा हो जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक सड़क पर ही रुका रहता है। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के कारण बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को होती है।

कई गांवों के लिए प्रमुख बाजार

स्थानीय लोगों ने बताया कि बसरही बाजार आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख बाजार है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण जरूरी सामान की खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव का सीधा असर लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है।

मरम्मत के साथ जल निकासी की मांग

अजीत तिवारी, अरविंद तिवारी, सौरभ बरनवाल, अतुल तिवारी और वीरेंद्र गौतम समेत स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। उन्होंने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बाजार की सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534