जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के कसियांव गांव में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर शुक्रवार शाम जल गया। इसके बाद गांव के करीब 80 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। दो दिन से बिजली नहीं आने के कारण भीषण गर्मी और उमस में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली गुल होने से सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। मोबाइल चार्ज करने से लेकर घर के रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर जलने की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी है। उन्होंने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीण राजेश, कृष्णकुमार और राजेंद्र शर्मा ने बताया कि दो दिन बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
इस संबंध में एसडीओ विद्युत उपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन के भीतर मरम्मत पूरी कर बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।