जौनपुर। मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में रविवार दोपहर करीब 12 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई। हादसे में एक महिला भी घायल हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक डॉ. आरके पटेल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
विधायक ने रमापति पटेल की बेटी के आकस्मिक निधन पर परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी भी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इसके बाद विधायक ने अमरनाथ पटेल की बहू के घायल होने की जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य के बारे में परिजनों से पूछा। उन्होंने कहा कि घायल के इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से बात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. आरके पटेल ने कहा कि आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। परिवार के लिए यह कठिन समय है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और घायल महिला के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इस मौके पर अपना दल एस युवा मंच के प्रदेश सचिव उदय प्रताप पटेल, जिला पंचायत सदस्य सुरेश पटेल, जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर पटेल, पत्रकार आशीष पटेल समेत कई लोग मौजूद रहे।