Jaunpur News : डिवाइडर पर चढ़कर पलटा गिट्टी लदा हैवा डंपर, चालक बाल-बाल बचा


जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सराय कालिदास गांव के पास भदोही-जौनपुर एनएच-135ए पर रविवार सुबह करीब चार बजे गिट्टी लदा हैवा डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गया। हादसे में डंपर चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना में वाहन को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात बताई जा रही है।

चालक राजकुमार यादव के अनुसार वह मिर्जापुर से गिट्टी लादकर गोरखपुर जा रहा था। सराय कालिदास गांव के पास सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। वह ट्रक के बगल से निकल रहा था, तभी अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। चालक के मुताबिक नीलगाय के पीछे कई कुत्ते भी दौड़ रहे थे।

हॉर्न बजाने पर नीलगाय अचानक सड़क के बीच में गिर गई। उसे बचाने के लिए राजकुमार यादव ने डंपर का स्टेयरिंग दाहिनी ओर मोड़ दिया। इसी बीच नीलगाय उठकर भाग गई, लेकिन तब तक डंपर के सामने डिवाइडर आ चुका था। चालक के ब्रेक लगाने से पहले ही डंपर डिवाइडर पर चढ़ गया और करीब दस फीट तक जाने के बाद पलट गया।

हादसे के बाद डंपर में लदी गिट्टी सड़क पर फैल गई। हालांकि चालक राजकुमार यादव को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। डंपर के क्षतिग्रस्त होने से लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534