Jaunpur News : ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा किशोर को पुलिस ने परिजनों को सौंपा


जौनपुर। ऑपरेशन मुस्कान के तहत सिंगरामऊ थाना पुलिस ने एक गुमशुदा किशोर को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोर के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों की तलाश और उन्हें उनके परिजनों से मिलाने के लिए ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी।

14 सितंबर की रात करीब नौ बजे कोबरा प्रथम के पुलिसकर्मी कांस्टेबल सौरभ सिंह और कांस्टेबल रजत पांडेय सिंगरामऊ कस्बे की ओर जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक 18 वर्षीय किशोर परेशान अवस्था में दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम कृष्णानंद सैनी पुत्र अजय माली निवासी भगतूआ अमौली, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी बताया। किशोर ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के लोगों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था। पुलिस ने तत्काल उसके पिता अजय माली से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया और उन्हें थाना बुलाया। इसके बाद 15 सितंबर को किशोर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोर को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल सौरभ सिंह और कांस्टेबल रजत पांडेय शामिल रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534