बरसठी | थाना क्षेत्र के बड़ेऱी गांव में शनिवार शाम युवक पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को उसे बड़ेऱी नहर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।उक्त गांव निवासी हीरावती देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका बेटा अमरजीत मंदिर के पास से जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही विवेक कुमार गौतम ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में अमरजीत गंभीररूप से घायल हो गया। बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची मां हीरावती के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। घटना के बाद परिजन घायल अमरजीत को उपचार के लिए मड़ियाहूं स्थित निजी अस्पताल ले गए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित विवेक कुमार गौतम के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 115(2), 351(3) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। रविवार को पुलिस को मुखबिर ख़ास से सूचना मिली कि वांछित आरोपित बड़ेऱी नहर के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करने का दावा किया है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार बिंद और आरक्षी नील रतन सिंह यादव शामिल रहे। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि वांछित आरोपित को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।